गोरखपुर। जिले में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के उद्देश्य से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद पहली नवंबर से शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए खाद्य विपणन विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में इस बार धान खरीद के लिए कुल 114 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। खरीद शुरू होने से ठीक दो दिन पहले इन सभी केंद्रों को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया जाएगा, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
विज्ञापन
धान का मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल निर्धारित
इस वर्ष सरकार ने धान का खरीद मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। क्रय केंद्रों पर आने वाले धान की तौल से पहले उसकी सफाई की जाएगी। हालांकि, यदि केंद्र प्रभारी को यह लगेगा कि धान पहले से ही पूरी तरह साफ है, तो उसकी सफाई नहीं की जाएगी। सरकार ने क्रय केंद्रों की स्थापना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए की है।
पंजीकरण के बाद ही मिलेगा टोकन
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। खाद्य विपणन विभाग के डिप्टी आरएमओ अरविंद कुमार दुबे ने बताया कि पंजीकरण कराते ही किसान का ऑनलाइन सत्यापन हो जाएगा। सत्यापन के बाद किसान को क्रय केंद्र से टोकन जारी किया जाएगा। टोकन मिलने के बाद क्रय केंद्र किसान से संपर्क कर धान मंगवाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि जो अपना धान क्रय केंद्र पर बेचना चाहते हैं, वे जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीकरण करा लें।
72 घंटे के भीतर खाते में पहुँचेगा भुगतान
डिप्टी आरएमओ अरविंद कुमार दुबे ने यह भी जानकारी दी है कि सभी क्रय केंद्रों पर बोरा, कांटा सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि धान का सफल क्रय होने के 72 घंटे के भीतर उपज का पैसा सीधे किसान के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा। इससे किसानों को भुगतान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनका वित्तीय लेनदेन त्वरित हो सकेगा।


