अयोध्या में होने वाले भव्य दीपोत्सव 2025 में इस बार 1251 अर्चक एक साथ सरयू की महाआरती करके नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। जानिए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कैसे सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में यह ऐतिहासिक आयोजन अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ेगा।
अयोध्या: भगवान राम की नगरी अयोध्या इस बार दीपोत्सव में एक और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल दीपोत्सव में 1251 अर्चक (पुजारी) एक साथ सरयू की महाआरती कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। इससे पहले पिछले साल (2024) के दीपोत्सव में 1100 अर्चकों ने एक साथ महाआरती करके विश्व कीर्तिमान बनाया था। यह आयोजन इस बार 19 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव का एक प्रमुख हिस्सा होगा।
26 लाख दीपों के साथ महाआरती का नया कीर्तिमान
अयोध्या का विश्व प्रसिद्ध दीपोत्सव इस बार अपने ही दो विश्व रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रचने की तैयारी में है। एक तरफ जहां राम की पैड़ी के घाटों पर 26 लाख से अधिक दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, वहीं सरयू की महाआरती में भी रिकॉर्ड संख्या में अर्चक शामिल होंगे। रामनगरी में सरयू तट पर प्रतिदिन 5100 बत्ती की महाआरती होती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होते हैं। रामलला के दर्शन के लिए आने वाले कई विशिष्ट अतिथि भी इस महाआरती में भाग लेते रहे हैं। इस बार इस महाआरती को और भव्य रूप दिया जा रहा है, जिसमें 1251 अर्चक एक साथ सरयू की स्तुति करेंगे।
Read ……गोरखपुर: गोरक्षपीठ में योगी आदित्यनाथ ने की मां शैलपुत्री की पूजा, नवरात्रि का अनुष्ठान शुरू
पिछले दीपोत्सव में बना था 1100 अर्चकों का रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद, 2024 के दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर पहली बार एक बड़ा आयोजन हुआ था। शंख और घंटा-घड़ियाल की मधुर ध्वनि के बीच, 1100 अर्चकों ने एक साथ सरयू की महाआरती की थी, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस बार 151 अर्चकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस कदम से न सिर्फ नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा, बल्कि दीपोत्सव अपने पिछले कीर्तिमान को भी पीछे छोड़ देगा।
मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों से इस संबंध में बातचीत चल रही है और प्रारंभिक सहमति भी बन गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दीपोत्सव में महाआरती के लिए आरक्षित किए गए सरयू के घाटों के दायरे को और बढ़ाया जाएगा, ताकि इतनी बड़ी संख्या में अर्चक आसानी से शामिल हो सकें। यह पहला मौका होगा जब इतनी बड़ी संख्या में साधु-संत एक साथ सामूहिक आरती करेंगे। इस महाआरती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ दीपोत्सव के अन्य गणमान्य अतिथि भी हिस्सा लेंगे।