Last Updated on October 1, 2025 8:41 AM by गो गोरखपुर ब्यूरो
गोरखपुर: खजनी थाना क्षेत्र के छपिया फोरलेन पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुलेट सवार युवा छात्रा की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने 25 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बांसगांव थानाक्षेत्र के हरिहरपुर निवासी आरती पांडेय के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है।
फोरलेन पर अज्ञात वाहन ने ली जान
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आरती पांडेय को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। जानकारी के अनुसार, आरती अपने पैतृक गांव से लिंक एक्सप्रेस-वे होते हुए बुलेट से निकली थीं। वह पढ़ाई-लिखाई में तेज थीं और आत्मनिर्भर बनने की चाह रखती थीं। उनकी सबसे बड़ी पहचान उनका बुलेट चलाने का जुनून था। वह गांव और आसपास के इलाकों में अपने इस शौक के लिए जानी जाती थीं। मंगलवार को छपिया फोरलेन पर उनकी जिंदगी की रफ्तार अचानक थम गई।
परिवार में मचा कोहराम
आरती की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख पुकार मच गई। पिता प्रभाकर पांडेय और अन्य परिजन शव देखकर बेसुध हो गए। मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि आरती एक होनहार और जुनूनी लड़की थी, जिसे अक्सर बुलेट चलाते देखा जाता था।
गोरखपुर में बाइक टक्कर के बाद भीड़ का तांडव, 11वीं के छात्र आकाश निषाद की पीट-पीटकर हत्या
पुलिस के सामने अज्ञात वाहन की तलाश की चुनौती
इस संबंध में थाना प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। हालांकि, ग्रामीणों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती की बात कही है। उनका कहना है कि फोरलेन पर ज्यादातर वाहन हाईवे स्पीड से गुजरते हैं और पर्याप्त संख्या में कैमरे भी नहीं लगे हैं, जिससे हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का जल्द पता लगाना मुश्किल हो सकता है।
ग्रामीणों में गुस्सा: फोरलेन बना ‘मौत का रास्ता’
स्थानीय लोगों ने छपिया फोरलेन पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहन चालक लापरवाही से सड़क पार करने वालों और दोपहिया सवारों को अक्सर रौंद देते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड कंट्रोल और यातायात सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनकी मुख्य मांगें हैं कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड लगाए जाएं और नियमित गश्त की जाए, ताकि हादसों पर काबू पाया जा सके। उनका आरोप है कि जब तक यह व्यवस्थाएं लागू नहीं होंगी, तब तक यह फोरलेन ‘मौत का रास्ता’ बना रहेगा।