अयोध्या: अयोध्या में दीपोत्सव 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया और इस भव्य समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश में रामराज्य की स्थापना का दावा किया। सीएम योगी ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला और कहा कि प्रदेश अब भय, दंगे और माफियाराज से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के बाद अब दुनिया भर के सनातन धर्मावलंबी और देश के कोने-कोने से श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आ रहे हैं, जहाँ विकास और विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
500 साल के संघर्ष की जीत का प्रतीक दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को 500 साल तक चली आस्था के संघर्ष की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद हर भारतीय सांस्कृतिक आजादी चाहता था, लेकिन कुछ लोगों ने सनातनियों की आस्था को कैद करने का कुत्सित प्रयास किया। उन्होंने सभी सनातन धर्म मानने वालों को दीपोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या धर्म की नगरी है, जहां धर्म ने मानव स्वरूप में जन्म लिया। सीएम योगी ने बताया कि 2017 में जब दीपोत्सव की शुरुआत हुई थी, तब 1 लाख 71 हजार दीप जलाए गए थे, और अब यह संख्या लाखों तक पहुँच गई है।
विज्ञापन
रामभक्तों पर गोली चलाने वाले अब दीप जला रहे
सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ, जबकि कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को मिथक बताया था। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान इन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने कहा, “उन्होंने गोली चलवाई थी और हम दीप जला रहे हैं। उन्होंने ताले लगवाए थे और हम आस्था को आजाद कर रहे हैं।” उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर निमंत्रण देने के बावजूद ये लोग नहीं आए, लेकिन विदेशी आक्रांताओं की कब्र पर जाते हैं।
यूपी में कानून का राज, हर हृदय में उत्साह
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में आए बदलावों पर ज़ोर दिया और कहा कि अब प्रदेश में रामराज्य की स्थापना हो चुकी है, जहाँ लोगों को दैहिक, दैविक और भौतिक किसी भी तरह का दुख नहीं है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले त्योहारों के समय दंगे होते थे और शांति की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। आज आठ साल बाद यूपी माफियाराज और गुंडाराज से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों में भय है, किसान खुशहाल हैं, युवाओं के लिए अवसर हैं, महिलाएं सुरक्षित हैं और हर हृदय में उत्साह व उमंग है।
भव्य समारोह में किया गया राजतिलक
दीपोत्सव की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकथा पार्क में श्रीराम के राज्याभिषेक समारोह से की। उन्होंने रामकथा पार्क के मंच पर श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ का राजतिलक कर माल्यार्पण किया और आरती उतारी। इससे पहले, पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप रामकथा पार्क हेलीपैड पहुँचे, जहाँ सीएम योगी ने अन्य मंत्रियों के साथ उनकी अगवानी की। इस दौरान रामकथा पार्क जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और हजारों संत, महंत, श्रद्धालु व पर्यटक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
29 लाख से अधिक दीपों से जगमग हुई राम की पैड़ी
दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर भव्य तैयारियां की गईं। इस वर्ष 29 लाख 25 हजार 051 दीये बिछाए गए हैं, जिनमें से 26 लाख 11 हजार 101 दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। इस कार्य में 33,000 वालंटियर्स लगाए गए हैं। इसी के साथ राम मंदिर परिसर को भी रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया है। दीपोत्सव के मौके पर राम मंदिर के तीनों प्रमुख द्वारों का नामकरण भी पूरा किया गया है, जिसमें एक द्वार का नाम जगद्गुरु मध्वाचार्य के नाम पर रखा गया है।