राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गोरखपुर पहुंचीं, एम्स और आयुष विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 घंटे के गोरखपुर दौरे पर, राज्यपाल और सीएम योगी ने किया स्वागत। आज एम्स दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी, 1 जुलाई को आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी।
गोरखपुर: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 30 घंटे के महत्वपूर्ण दौरे पर गोरखपुर पहुंचीं। दोपहर 1:30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने इस दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी, जो क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
आज एम्स दीक्षांत समारोह में शिरकत: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम 4 बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), गोरखपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। यह एम्स का प्रथम दीक्षांत समारोह है, जिसमें राष्ट्रपति की गरिमामय उपस्थिति से छात्रों का उत्साहवर्धन होगा।
1 जुलाई को आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण और अन्य विकास परियोजनाएं: अपने दौरे के दूसरे दिन, 1 जुलाई, मंगलवार को राष्ट्रपति राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, पिपरी भटहट का लोकार्पण करेंगी। यह आयुष विश्वविद्यालय क्षेत्र में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी दिन, राष्ट्रपति महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय आरोग्यधाम, सोनबरसा में अकादमिक भवन, ऑडिटोरियम और पंचकर्म केंद्र का भी लोकार्पण करेंगी, साथ ही गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास भी उन्हीं के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
हमें फॉलो करें — वॉट्सऐप चैनल | फेसबुक | एक्स | इंस्टाग्राम | गूगल न्यूज़