मुंबई: भारतीय सिनेमा की वयोवृद्ध और दिग्गज अभिनेत्री कामिनी कौशल निधन हो गया है। लगभग सात दशक के शानदार करियर वाली कामिनी कौशल ने 98 वर्ष की आयु में शुक्रवार को मुंबई में अंतिम सांस ली। उनका आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस 2022 में आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा में देखा गया था, जब उनकी उम्र 95 साल थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लगभग 79 साल पहले 1946 की फिल्म नीचा नगर से की थी, जो अमीरी और गरीबी की खाई पर आधारित थी।
विज्ञापन
अविभाजित भारत में हुआ था जन्म
कामिनी कौशल का जन्म 24 फरवरी, 1927 को अविभाजित भारत के लाहौर में उमा कश्यप के रूप में हुआ था। वह एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके पिता शिव राम कश्यप भारतीय वनस्पति विज्ञान के जनक माने जाते हैं और वह लाहौर स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे। कामिनी कौशल ने भी लाहौर के गवर्नमेंट कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी।
नीचा नगर अभिनेत्री के रूप में हुई शुरुआत
एक पढ़ी-लिखी युवा के रूप में कामिनी कौशल के करियर की शुरुआत तब हुई, जब जाने-माने फिल्ममेकर चेतन आनंद ने 1946 में अपनी फिल्म नीचा नगर के लिए उनसे संपर्क किया। यह फिल्म उनकी पहली फिल्म बनी, जिसमें उन्होंने चेतन आनंद की पत्नी उमा के साथ अभिनय किया था। उनकी पहचान एक क्लासिक नीचा नगर अभिनेत्री के रूप में बनी और उन्हें इंडस्ट्री में एक लंबा और सफल सफर तय किया। उनकी आखिरी फिल्म लाल सिंह चड्ढा रही।


