चौरीचौरा थाना

जयमाल के दौरान दूल्हा नशे में धुत, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

विवाह

गोरखपुर: चौरीचौरा थाना क्षेत्र के एक गाँव में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहाँ जयमाल के दौरान दूल्हे को नशे में धुत देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दूल्हे के लड़खड़ाते हुए स्टेज पर पहुंचने के बाद यह जानकारी बरातियों को हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन काफी मान-मनौव्वल के बावजूद बात नहीं बन पाई और अंततः शादी टूट गई। किसी भी पक्ष ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।

नशे में धुत दूल्हे ने तोड़ी शादी

भटहट क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार को बैंड-बाजे के साथ एक बरात चौरीचौरा इलाके के गांव में पहुंची थी। बरातियों का स्वागत और नाश्ता-पानी व भोजन का प्रबंध किया गया था। इसी बीच, विवाह की महत्वपूर्ण रस्म जयमाल की शुरुआत हुई। लेकिन, जयमाल के दौरान दूल्हा अत्यधिक नशे में धुत पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह स्टेज पर लड़खड़ाता हुआ पहुंचा था।

जयमाल के बाद जब दुल्हन घर में पहुंची तो वह आगबबूला हो गई। उसने अपने घरवालों से स्पष्ट कह दिया कि वह इस दूल्हे से शादी नहीं करेगी। इस दौरान, दुल्हन के लिए लाए गए गहनों की जांच की गई तो वे भी कम पाए गए, जिससे दुल्हन और उसके परिवार का गुस्सा और बढ़ गया।

पुलिस का हस्तक्षेप भी रहा बेअसर

दुल्हन के साथ-साथ उसके घरवालों ने भी शादी न करने का फैसला लिया। बरात पक्ष ने काफी समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया।

बाद में, पुलिस दूल्हे, उसके पिता और लड़की के पिता को थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास किया गया, लेकिन कोई बात नहीं बन पाई। चूंकि किसी भी पक्ष ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी, इसलिए पुलिस ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

गो गोरखपुर ब्यूरो

गो गोरखपुर ब्यूरो

About Author

गोरखपुर और आसपास की खबरों (gorakhpur news) के लिए पढ़ते रहें गोगोरखपुर.कॉम | सूचनाओं की भीड़ में अपने काम लायक हर जरूरी जानकारी पर रखें नज़र...गो गोरखपुर (www.gogorakhpur.com) के साथ.

नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक महाकुंभ 2025: कुछ अनजाने तथ्य… महाकुंभ 2025: कहानी कुंभ मेले की…
नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक महाकुंभ 2025: कुछ अनजाने तथ्य… महाकुंभ 2025: कहानी कुंभ मेले की… कहानी खिचड़ी मेला की…