गोरखपुर: शहर में विकास कार्यों को गति देते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बशारतपुर क्षेत्र में आम जनता के लिए एक ‘कल्याण मंडपम्’ (सामुदायिक भवन) बनाने की योजना है, जिसके लिए नगर आयुक्त ने चिह्नित भूमि को तत्काल संरक्षित करने और उसकी तार फेंसिंग करने का आदेश दिया है। गुरुवार को राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नगर निगम की भूमि से अतिक्रमण हटाने, मुक्त कराई गई भूमि पर सूचना बोर्ड लगाने और लैंड बैंक को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाकर मजबूत होगा नगर निगम का लैंड बैंक
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने राजस्व विभाग की बैठक में लेखपाल स्तर के कर्मचारियों से ज़मीनी हकीकत की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण की गई भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए। ऐसा करने से न सिर्फ नगर निगम को उसकी ज़मीन वापस मिलेगी, बल्कि निगम के लैंड बैंक में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे भविष्य की परियोजनाओं को गति मिल सकेगी। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख स्थानों पर निगम की जमीन पर कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसमें महादेव झारखंडी वार्ड संख्या-03 में भूमि पर कब्जा लेने और नौसढ़ क्षेत्र में निगम भूमि की फेंसिंग कर भविष्य में कॉम्प्लेक्स निर्माण का रास्ता प्रशस्त करना शामिल है।
कई क्षेत्रों में नए कॉम्प्लेक्स और संपवेल बनाने की तैयारी
बशारतपुर में कल्याण मंडपम् की भूमि सुरक्षित करने के निर्देश के अलावा, नगर आयुक्त ने अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तेजी लाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को तुर्कमानपुर और खुर्रमपुर स्थित निगम की भूमि पर कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए जरूरी अनापत्ति (NOC) प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त, कुलपति आवास के सामने प्रस्तावित प्रोजेक्ट के लिए भूमि उपलब्ध कराने और गुलरिहा क्षेत्र में आम जनता के लिए रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संपवेल निर्माण के लिए चिह्नित भूमि पर भी तुरंत कार्यवाही शुरू करने के आदेश दिए गए, जो शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होगा।


