गोरखपुर: पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से सक्रिय गोरखपुर एन्वायरन्मेंटल एक्शन ग्रुप (जीईएजी) अपना स्वर्ण जयंती समारोह मनाने जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष डॉ. शिराज अख्तर वजीह ने बताया कि दो दिवसीय समारोह 15 और 16 नवंबर को सिविल लाइंस के निपाल लॉज में आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर देश के प्रमुख पर्यावरणविद, विशेषज्ञ और नीति निर्माता हिस्सा लेंगे और पर्यावरण के ज्वलंत मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे।
विज्ञापन
दिग्गज पर्यावरणविदों का होगा प्रमुख संबोधन
इस महत्वपूर्ण समारोह में देश के दो बड़े नामों का संबोधन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरन्मेन्ट (CSE) की महानिदेशक पद्मश्री डॉ. सुनीता नरायन समारोह का प्रमुख संबोधन देंगी, जबकि मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित और देश में ‘जलपुरुष’ के नाम से विख्यात राजेंद्र सिंह समापन संबोधन करेंगे। डॉ. वजीह ने बताया कि जीईएजी की स्थापना वर्ष 1975 में गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर राजेन्द्र सहाय की अध्यक्षता में हुई थी, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में जन जागरूकता बढ़ाना रहा है।
50 वर्षों की यात्रा दर्शाएगी ‘कॉफी टेबल बुक’
जीईएजी स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान संस्था के 50 वर्षों की हरित यात्रा और उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक आकर्षक ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन भी किया जाएगा। यह पुस्तक गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पर्यावरण और विकास के लिए संस्था द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों, और भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डालेगी। यह आयोजन स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं और नीति निर्माताओं को देश के शीर्ष विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।


