गोरखपुर: गोरखपुर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों पर लगातार हो रहे हमलों और मारपीट की घटनाओं से नाराज कर्मचारियों ने 15 अक्टूबर को बड़े धरना-प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। बुधवार को नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारी संगठन का स्पष्ट कहना है कि आए दिन उन्हें दुर्व्यवहार और हमले का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका काम करना मुश्किल हो गया है।
मारपीट की घटनाओं से त्रस्त हैं कर्मचारी
कर्मचारी समन्वय समिति ने ज्ञापन में हाल ही में हुई कुछ गंभीर घटनाओं का उल्लेख किया है। संगठन ने बताया कि कुछ दिन पहले ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के पास कान्हा उपवन नगर वार्ड के पार्षद के भतीजे और उसके सहयोगियों ने निगम के सुपरवाइजर और मेट को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। यह घटना निगम कर्मचारियों के साथ बढ़ते दुर्व्यवहार का एक गंभीर उदाहरण है। इसके अलावा, समिति ने यह भी बताया कि हाल ही में एक ड्राइवर का सिर फोड़ दिया गया था। सबसे नई घटना 7 अक्टूबर को हरसेवकपुर वार्ड में हुई, जहां कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
शर्मनाक: नाबालिग बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में पिता पहुंचा जेल, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
नगर आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग
कर्मचारियों ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को सौंपे ज्ञापन में साफ शब्दों में कहा है कि निगम के ड्राइवरों और सफाई कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाओं पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। इन कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है। समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन इन हमलों पर प्रभावी रोक नहीं लगाता है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं करता है, तो कर्मचारी अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 15 अक्टूबर को बाध्य होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों की इस कार्रवाई से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।