गोरखपुर के शाहपुर में बुधवार देर शाम एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। जानें 14 महीने से अलग रह रहे विश्वकर्मा चौहान ने क्यों उठाया यह खूनी कदम और पुलिस ने कैसे आरोपी को गिरफ्तार किया।
गोरखपुर: गोरखपुर के शाहपुर थानाक्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 14 महीने से अलग रह रहे एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना उस समय हुई जब महिला अपने काम से वापस लौट रही थी।
मृतक महिला की पहचान ममता चौहान के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति विश्वकर्मा चौहान है। वह गुलहरिया थानाक्षेत्र के चौहान टोला का रहने वाला है। ममता चौहान की शादी वर्ष 2008 में विश्वकर्मा चौहान से हुई थी। पिछले 14 महीनों से वे अलग रह रहे थे और ममता अपनी 13 वर्षीय बेटी मुक्ति चौहान के साथ घोसीपुरवा में किराए के मकान में रह रही थी। उनका मायका खजनी के सुरैनी कटाया में है।
Read …..गोरखपुर जल्द बनेगा प्लास्टिक हब, 640 करोड़ की परियोजनाओं का आज शिलान्यास करेंगे सीएम
यह वारदात बुधवार देर शाम उस समय हुई जब ममता बैंक रोड स्थित ट्रस्ट वैली कंपनी में पार्टनरशिप का काम करके वापस अपने घर लौट रही थीं। डेक फर्नीचर के पास विश्वकर्मा चौहान ने उन्हें रोककर गोली मार दी। गोली लगने के बाद ममता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गोली लगने के बाद ममता को तुरंत विनायक हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विश्वकर्मा चौहान को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।