गोरखपुर: नगर निगम के प्रवर्तन दल ने एकल प्रयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाते हुए गीता प्रेस क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक ऑटो लोडर को रोककर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक सामग्री बरामद की, जिसे अवैध रूप से सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
238 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक और गिलास बरामद
प्रवर्तन दल ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर एक ऑटो लोडर को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अवैध माल लदा था। जांच में 180 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन की 6 बोरियां और लगभग 58 किलोग्राम सादा व रंगीन प्लास्टिक के गिलास मिले। अज्ञात स्वामी द्वारा भेजी जा रही इस खेप की बरामदगी से शहर के अवैध प्लास्टिक कारोबारियों में खलबली मच गई है।
ऑटो लोडर ज़ब्त कर नगर निगम स्टोर में किया जमा
सप्लाई ले जा रहे चालक द्वारा माल के मालिक के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी न दे पाने के कारण प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्रवर्तन दल ने पूरी सामग्री के साथ संबंधित ऑटो लोडर गाड़ी को भी ज़ब्त कर लिया। पकड़े गए सभी सामान को अपर नगर आयुक्त की देखरेख में नगर निगम के स्टोर में सुरक्षित रूप से जमा कराकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भविष्य में अभियान और होंगे तेज
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने स्पष्ट किया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नगर निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।