गोरखपुर: जल संरक्षण के क्षेत्र में गोरखपुर नगर निगम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। नगर निगम ने केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी ‘जल संचय जन भागीदारी 1.0’ (JSJB) अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इतना ही नहीं, प्रदेश स्तर पर गोरखपुर को प्रथम स्थान मिला है, जिससे यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद के लिए एक बड़ा गौरव है। राष्ट्रीय पटल पर उत्तर प्रदेश के एक और शहर, गाजियाबाद ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए गोरखपुर नगर निगम को 2 करोड़ रुपये और गाजियाबाद को 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। विजेताओं को 18 नवंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी।
JSJB अभियान में गोरखपुर का तीसरा स्थान
‘जल संचय जन भागीदारी 1.0’ (जेएसजेब) अभियान में देश के विभिन्न नगर निगमों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के रायपुर को पहला और तेलंगाना के हैदराबाद को दूसरा स्थान मिला। इसके बाद उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया। इसी कड़ी में, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद नगर निगम ने भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया। शीर्ष छह में शामिल अन्य नगर निगमों में आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी और गुजरात के सूरत भी हैं। इस अभियान में गोरखपुर का यह प्रदर्शन जल प्रबंधन के क्षेत्र में अन्य शहरों के लिए एक मॉडल बन गया है।
जल संरचनाएं पूरी करने में गोरखपुर ने मारी बाजी
जल संरक्षण के प्रति अपनी गंभीरता दिखाते हुए गोरखपुर नगर निगम ने अभियान के दौरान 14,331 से अधिक जल संरचनाएं पूरी कीं। वहीं, गाजियाबाद नगर निगम ने भी इस दिशा में सक्रियता दिखाते हुए 11,406 जल संरचनाओं का निर्माण पूरा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर ने टिकाऊ जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिनमें ताकिया घाट नाले का जैविक शोधन, मोती पोखरा का अमृत सरोवर के रूप में विकास और वॉटर प्लस सिटी की मान्यता जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
राष्ट्रपति करेंगी विजेताओं को सम्मानित
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निगमों को 18 नवंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को पुरस्कृत करेंगी। इस समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी उपस्थित रहेंगे। गोरखपुर नगर निगम की ओर से मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण करेंगे।