लोकल न्यूज

छठ पूजा की तैयारियों को 26 अक्टूबर दोपहर तक अंतिम रूप देने का निर्देश, मेयर ने किया घाटों का निरीक्षण

छठ पूजा की तैयारियों को 26 अक्टूबर दोपहर तक अंतिम रूप देने का निर्देश, मेयर ने किया घाटों का निरीक्षण

गोरखपुर: आगामी छठ महापर्व को देखते हुए, नगर आयुक्त श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने समस्त विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सफाई, पथ-प्रकाश, जलकल और निर्माण विभाग से संबंधित सभी तैयारियों को 26 अक्टूबर की दोपहर तक हर हाल में अंतिम रूप दे दिया जाए। बैठक में समस्त अपर नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

विज्ञापन

नए सम्मिलित गांवों में घाट और बैरिकेडिंग पर विशेष ध्यान

नगर आयुक्त श्री सोगरवाल ने छठ पर्व के लिए नए सम्मिलित गांवों में स्थित पोखरों की बैरिकेडिंग और घाट बनाए जाने हेतु विशेष निर्देश दिए। उन्होंने जोनल सेनेटरी अधिकारी से तैयारी की प्रगति की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त ने छठ घाटों और पोखरणों तक जाने वाले मार्गों को सही करने, सड़कों की पैचिंग और सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही, सूरजकुंड पुलिया से अग्रहरि पुलिया तक खाली जगह में दो से ढाई सौ पेड़ लगाए जाने का भी निर्देश दिया गया।

रामघाट के रास्ते को समतल कर मजबूत बैरिकेडिंग का निर्देश

बैठक में रामघाट पर जाने वाले रास्ते को समतल करने हेतु सेतु निर्माण से संबंधित अधिकारियों से वार्ता करने के निर्देश दिए गए। मार्ग को सही करने के साथ-साथ वहाँ मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके। नगर निगम की तरफ से छठ घाट निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए जितने भी कार्य स्वीकृत हुए हैं, वहाँ घाटों और पोखरणों पर नगर निगम की होर्डिंग व पोस्टर लगवाने के निर्देश दिए गए। सभी अभियंतागण को पोखरों के निर्माण और उनमें पानी भरने का कार्य समय से पूर्ण करने को कहा गया। पर्व के दौरान सभी कर्मचारियों को ड्रेस में रहने के लिए भी निर्देशित किया गया।

छठ पूजा की तैयारियों को 26 अक्टूबर दोपहर तक अंतिम रूप देने का निर्देश, मेयर ने किया घाटों का निरीक्षण
महापौर और नगर आयुक्त ने घाटों पर तैयारियों का जायजा लिया। फोटो: प्रेस रिलीज

महापौर और नगर आयुक्त ने किया तीन प्रमुख पोखरों का निरीक्षण

इस बीच, आगामी छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज महापौर और नगर आयुक्त ने विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मानसरोवर मंदिर स्थित मानसरोवर पोखरा, सूरजकुंड पोखरा और गोरखनाथ मंदिर स्थित भीम सरोवर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ और सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

सफाई और सजावट 25 अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को तीनों पोखरों की गहन सफाई कराने और सीढ़ियों पर जमी काई को हटाकर सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि फिसलन की स्थिति न बने और व्रतियों को असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मानसरोवर पोखरा एवं भीम सरोवर पर कपड़े एवं लाइट से सजावट का कार्य 25 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण करा लिए जाने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया।


हमें फॉलो करें

Amit Srivastava

Amit Srivastava

About Author

गोरखपुर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर से अध्ययन. Amit Srivastava अमर उजाला, दैनिक जागरण, दैनिक हिंदुस्तान के साथ करीब डेढ़ दशक तक जुड़े रहे. गोरखपुर शहर से जुड़े मुद्दों पर बारीक नज़र रखते हैं.

नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक महाकुंभ 2025: कुछ अनजाने तथ्य… महाकुंभ 2025: कहानी कुंभ मेले की…
नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक