गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDUGU) में आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए टीम चयन और घोषणा का सिलसिला तेज़ हो गया है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय वॉलीबॉल (पुरुष एवं महिला) टीम के चयन की तारीख की घोषणा कर दी है। इसके अलावा, मैंगलोर में होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स टीम का भी चयन कर लिया गया है।
विज्ञापन
19 नवंबर को होगा वॉलीबॉल टीम के लिए ट्रायल
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. राज वीर सिंह ने जानकारी दी कि पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय वॉलीबॉल (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 के लिए टीम का चयन/ट्रायल दिनांक 19 नवंबर, 2025 को दोपहर 1:00 बजे से विश्वविद्यालय क्रीड़ाँगन में होगा। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक छात्र एवं छात्राओं को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ साथ लाने होंगे। इसमें हाई स्कूल से अब तक के समस्त मूल अंक पत्र, शुल्क रसीद, आधार कार्ड, एक फोटो, और परिचय पत्र शामिल हैं। संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागियों को अपने प्राचार्य द्वारा लिखित अधिकार पत्र भी लाना अनिवार्य होगा। सभी प्रतिभागियों को निश्चित समय पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद कार्यालय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए एथलेटिक्स टीम चयनित
वॉलीबॉल ट्रायल की घोषणा के साथ ही, गोरखपुर विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स टीम (पुरुष एवं महिला) का चयन भी कर लिया गया है। यह चयन विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। यह टीम दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मंगलोर विश्वविद्यालय, मंगलोर में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक प्रतियोगिता 2025-26 में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयनित एथलेटिक्स खिलाड़ियों की सूची और निर्देश
अस्थाई रूप से चयनित एथलेटिक्स टीम में महिला वर्ग से रिया सिंह गौतम (गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर) और पूनम निषाद (कल्पनाथ राय महाविद्यालय) शामिल हैं। पुरुष वर्ग में ज्ञान सिंह यादव, ऋषभ, रुद्र नारायण, विशांत, आशुतोष, हर्ष त्यागी, अनुकरन (सभी कल्पनाथ राय महाविद्यालय), रवि राय (एस के ज़ी एन महाविद्यालय), पिंटू कुमार (अखिल भाग्य पी जी कॉलेज) और संदीप (स्व. राम रहस्य महाविद्यालय) का चयन किया गया है। डॉ. राज वीर सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को दिनांक 20 नवंबर को दोपहर 1:00 बजे विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद कार्यालय पर अपने परिचय पत्र, शुल्क रसीद, आधार कार्ड एवं समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है।


