सियासत

सैंथवार मल्ल समाज की बैठक में अखिलेश यादव का हमला-2027 में भाजपा जाएगी, सपा की बनेगी सरकार

सैंथवार मल्ल समाज की बैठक में अखिलेश यादव का हमला-2027 में भाजपा जाएगी, सपा की बनेगी सरकार

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को लखनऊ में आयोजित सैंथवार, मल्ल और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर जनता से सच्चाई छिपाकर धोखा देने का आरोप लगाया और दावा किया कि भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, महंगाई और लूट से मुक्ति के लिए जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।

अखिलेश यादव ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि ‘सन् 2027 में भाजपा जाएगी, समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।’ इस दौरान उन्होंने सैंथवार समाज को न्याय, राजनीतिक भागीदारी और पूर्व नेता स्व. केदार नाथ सिंह के सम्मान का भरोसा भी दिलाया।

विज्ञापन

सैंथवार, मल्ल और पीडीए समाज की बैठक

सपा राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में इस बैठक का आयोजन अजय कुमार पिंटू सिंह सैंथवार ने किया, जिसका सफल संचालन श्री किसान सिंह सैंथवार ने किया। बैठक में सैथवार मल्ल व पीडीए समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सपा प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य धन्नजय सिंह सैथवार व पूर्व जिला महासचिव अखिलेश यादव ने बैठक से जुड़ी जानकारी साझा की। बैठक के मुख्य अतिथि श्री अखिलेश यादव ने बड़ी संख्या में आए सैंथवार समाज के लोगों का अभिनंदन किया और समाजवादी पार्टी व आने वाली समाजवादी सरकार में उनके साथ न्याय करने और राजनीतिक भागीदारी देने का भरोसा दिलाया।

सैंथवार मल्ल समाज की बैठक में अखिलेश यादव का हमला-2027 में भाजपा जाएगी, सपा की बनेगी सरकार
डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित बैठक में सपा प्रमुख को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई। फोटो: प्रेस रिलीज

भाजपा पर शिक्षा, किसान और स्वदेशी पर धोखे का आरोप

अपने संबोधन में, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि “भाजपा सच्चाई छुपाती है। जनता से सच्चाई छिपाना भी धोखा है।” उन्होंने विशेष रूप से तीन क्षेत्रों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शिक्षा के क्षेत्र में गरीबों के साथ धोखा दिया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों से छल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल मुख से स्वदेशी की बात करती है, जबकि मन से वह विदेशी है। सपा अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, महंगाई और लूट को भाजपा राज की मुख्य पहचान बताया और कहा कि जनता अब मुक्ति चाहती है।

स्व. केदार नाथ सिंह के सम्मान का वादा

अखिलेश यादव ने सैंथवार समाज के नेता स्व. केदार नाथ सिंह के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए सैंथवार समाज को सम्मान देने का वादा किया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गोरखपुर के साथ ही लखनऊ में गोमती रिवरफ्रंट पर स्व. केदार नाथ सिंह जी की प्रतिमा लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इतनी बड़ी संख्या में सैंथवार समाज के लोगों ने आकर पार्टी को सहयोग और समर्थन दिया है।

भाजपा से विश्वासघात और सपा से उम्मीदें

बैठक में सैंथवार समाज के वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा ने उनके समाज को हमेशा धोखा दिया है और अब उसकी साख नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल सैंथवार समाज ही नहीं, बल्कि भाजपा ने सभी के साथ विश्वासघात किया है। वक्ताओं ने यह भी याद दिलाया कि सैंथवार समाज के नेता स्व. केदारनाथ सिंह और सैंथवार समाज का समाजवादी पार्टी ने हमेशा सम्मान किया था।

उन्होंने आरक्षण पर डाका डालने के लिए भाजपा की आलोचना की और कहा कि सैंथवार समाज को अखिलेश यादव जी से बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने मंडल कमीशन रिपोर्ट लागू करने के लिए नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के संघर्ष और जेल भरो आंदोलन को भी याद किया।


हमें फॉलो करें

गो गोरखपुर ब्यूरो

गो गोरखपुर ब्यूरो

About Author

गोरखपुर और आसपास की खबरों (gorakhpur news) के लिए पढ़ते रहें गोगोरखपुर.कॉम | सूचनाओं की भीड़ में अपने काम लायक हर जरूरी जानकारी पर रखें नज़र...गो गोरखपुर (www.gogorakhpur.com) के साथ.

नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक महाकुंभ 2025: कुछ अनजाने तथ्य… महाकुंभ 2025: कहानी कुंभ मेले की…
नया एक्सप्रेसवे: पूर्वांचल का लक, डेवलपमेंट का लिंक