गोरखपुर: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली ज़बरदस्त जीत के बाद गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय कार्यालय पर शुक्रवार को जोरदार जश्न का माहौल रहा। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय की अगुवाई में बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इज़हार किया। भाजपा नेताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन की प्रचंड जीत बताया।
भाजपा कार्यालय पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
बिहार के चुनावी नतीजों में राजग के पक्ष में स्पष्ट रुझान आने के साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। जश्न की शुरुआत में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय और जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने सबसे पहले उपस्थित नेताओं का मुंह मीठा कराया और जीत की बधाई दी। इसके बाद, जमकर आतिशबाजी की गई, जिससे क्षेत्रीय कार्यालय का पूरा परिसर गूंज उठा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के पक्ष में ज़ोरदार नारेबाज़ी की गई।

‘यह जीत विकास और सुशासन की सफलता है‘
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने इस जीत को ‘विकास और सुशासन की प्रचंड जीत’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा स्थापित सुशासन को पूर्ण रूप से सराहा है। सहजानंद राय ने यह भी कहा कि मतदाताओं ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा फैलाए जा रहे एसआईआर (SIR) से जुड़ी अफवाहों का भी करारा जवाब दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से बिहार के मतदाताओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
यूपी 2027 के लिए दिया बड़ा संकेत
सहजानंद राय ने बिहार चुनाव परिणाम को उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों से जोड़ते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह का अपार स्नेह बिहार की जनता ने राजग को दिया है, उसी तरह का जनसमर्थन उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भी देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की तर्ज पर ही 2027 में उत्तर प्रदेश में भी भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। जश्न में शामिल होने वालों में पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष महराजगंज संजय पांडेय, डॉ आरडी सिंह, डॉ बच्चा पाण्डेय नवीन, सिद्धार्थ शंकर पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


