शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री | UP का विकास और महत्वपूर्ण खबरें

लखनऊ के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। उत्तर प्रदेश की ग्रोथ स्टोरी, सीबीएसई कंपार्टमेंट परीक्षा, पौधरोपण अभियान और मुहर्रम सुरक्षा व्यवस्था पर नवीनतम हिंदी समाचार।
गोरखपुर: लखनऊ के रहने वाले भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। कैप्टन शुक्ला और तीन अन्य सदस्यों को लेकर एग्जिम फोर मिशन कल शाम करीब 4 बजे आईएसएस पहुंचा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से एक वेबकास्ट में अपने सफर का ब्यौरा साझा किया और इसे भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक ठोस कदम बताया।

लखनऊ में उनके स्कूल में परिवारजनों ने आईएसएस डॉकिंग का सजीव प्रसारण देखा। इस मौके पर शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने सफलता पर खुशी जाहिर की, वहीं उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने इसे अत्यंत गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफलतापूर्वक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित मिशन सहयोगियों को बधाई दी है। उन्होंने इस सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान में भारत एक वैश्विक शक्ति के तौर पर उभरा है। लखनऊ में जन्मे शुक्ला, 1984 में राकेश शर्मा की उड़ान के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। यह मिशन अमेरिका, भारत, पोलैंड और हंगरी के चार अंतरिक्ष यात्रियों को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में 14 दिनों के वैज्ञानिक अभियान के लिए ले गया है। एग्जिम 4 मिशन वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में भारत के बढ़ते कद का प्रमाण है। शुभांशु शुक्ला भोजन और अंतरिक्ष पोषण से संबंधित उन्नत प्रयोग करेंगे।
उत्तर प्रदेश बना देश का ग्रोथ इंजन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) में ग्रीन डाटा सेंटर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की तस्वीर अब पूरी तरह से बदल चुकी है। कभी बीमारू राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बन गया है। उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार ने 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में मदद की है और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था व प्रति व्यक्ति आय को ढाई गुना से अधिक बढ़ाया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी को 8 साल में ₹40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ के निवेश से उत्पादन भी शुरू हो चुका है। समारोह में केंद्रीय विज्ञान और तकनीकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि डाटा सेंटर की स्थापना से प्रदेश में नवाचार और रोजगार सृजन में मदद मिलेगी।
सीबीएसई कंपार्टमेंट परीक्षा 15 जुलाई से शुरू
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा 2025 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कंपार्टमेंट परीक्षाएं 15 जुलाई से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाओं के लिए अलग-अलग तारीख तय की गई है, जबकि 12वीं की सभी विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन में होंगी।
10वीं की 15 जुलाई को आईटी और एआई की परीक्षा होगी, 16 जुलाई को गणित, 17 को विभिन्न भाषा विषयों, 18 को विज्ञान, 19 को अंग्रेजी, 21 को सामाजिक विज्ञान और 22 जुलाई को हिंदी की परीक्षा होगी।
उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य: वन मंत्री अरुण सक्सेना
प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि 1 से 7 जुलाई तक चलने वाले वृहद पौधरोपण अभियान के दौरान इस बार पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। श्री सक्सेना ने कल गोरखपुर में वन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि पूरा प्रदेश हरा-भरा हो। श्री सक्सेना ने कहा कि प्रमुख सचिव वन को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे समय-समय पर संबंधित विभागों से पौधों की रिपोर्ट लेंगे और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
दो पहिया वाहनों पर टोल टैक्स नहीं लगेगा: नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दो पहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया है। सोशल मीडिया पोस्ट पर श्री गडकरी ने कहा कि दो पहिया वाहनों के लिए टोल पर छूट जारी रहेगी। उन्होंने कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक खबरों को गलत बताया।
मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आज माहे मुहर्रम की पहली तारीख है। इसे लेकर प्रदेश भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुहर्रम के दौरान किसी भी तरह की नई परंपरा पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 6 जुलाई तक चलने वाले मुहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी जुलूस को नए रास्तों की अनुमति ना दी जाए। सभी जिलों में चेकिंग बढ़ाने, जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने और ड्रोन कैमरों से नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हमें फॉलो करें — वॉट्सऐप चैनल | फेसबुक | एक्स | इंस्टाग्राम | गूगल न्यूज़