गोरखपुर में बन रहा एक और ‘लेक व्यू’, यहां की खूबसूरती देख जाने का मन नहीं करेगा

गोरखपुर में नया पर्यटन केंद्र विकसित हो रहा है! चिलुआताल को खूबसूरत लेक व्यू के रूप में बदला जा रहा है। जानें कैसे यह जगह शहर की पहचान बनेगी और कब तक पूरा होगा काम।
गोरखपुर: नौका विहार की लोकप्रियता के बाद, गोरखपुर अब एक और भव्य पर्यटन स्थल के लिए तैयार हो रहा है। शहर के पश्चिमी-उत्तरी क्षेत्र में स्थित चिलुआताल को एक खूबसूरत ‘लेक व्यू’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा। यह पहल गोरखपुर की प्राकृतिक विरासत को पर्यटन के मानचित्र पर और ऊपर ले जाने में सहायक सिद्ध होगी।

गोरखपुर का नौका विहार, जो योगी सरकार द्वारा किए गए कायाकल्प के बाद से ही पर्यटन और मनोरंजन उद्योग के लिए वरदान साबित हुआ है, न केवल शहर के भीतर से, बल्कि बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बिहार, नेपाल, आजमगढ़, जौनपुर और बलिया जैसे पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। अब इसी तर्ज पर, चिलुआताल को भी विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
हालांकि, चिलुआताल का इलाका अब तक जलकुंभी और गंदगी के लिए जाना जाता था, लेकिन मौजूदा विकास कार्यों की गति को देखकर यह स्पष्ट है कि अगले तीन से चार महीने में, यानी गुलाबी ठंड के आगमन तक, यह स्थान पूरी तरह बदल जाएगा। यह परिवारों के साथ समय बिताने और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए एक आदर्श जगह बनेगी।

गोरखपुर शहर अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का सम्मान करते हुए लगातार एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है। रामगढ़ ताल के बाद अब चिलुआताल का नाम भी इस कड़ी में जुड़ने जा रहा है। यहां चल रहे कार्यों को देखकर यह सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि आने वाले समय में यह स्थान भी रामगढ़ताल लेक व्यू की तरह ही गुलजार रहेगा। धीरे-धीरे शहर के हर कोने में ऐसी विरासतें विकसित हो रही हैं, जो यहां आने वाले पर्यटकों को अपनी छुट्टियों के लिए और अधिक समय बिताने पर मजबूर कर देंगी।
हमें फॉलो करें — वॉट्सऐप चैनल | फेसबुक | एक्स | इंस्टाग्राम | गूगल न्यूज़