गोरखपुर: जनपद के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के उरुवा स्थित बरपार माफी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने ‘डबल इंजन’ सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने नौकरियों पर ताला लगा दिया है, जिससे नौजवान बेरोजगार घूमने को मजबूर हैं।
‘5 किलो राशन के लिए कतार में खड़ी जनता’
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए लोगों को महज 5 किलो राशन के लिए लाइनों में खड़ा कर रही है। आम जनता को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि अब सरकार बदलने का समय आ गया है, इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से जी-जान से जुट जाएं।
जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण
राजनीतिक रणनीतियों के बीच कार्यक्रम में समाज सेवा का भी अनूठा उदाहरण देखने को मिला। जिला पंचायत सदस्य अवध नरायन यादव ने पहल करते हुए क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों के जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण कराया। बढ़ती ठंड को देखते हुए कंबल पाकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। कंबल वितरण के जरिए सपा नेताओं ने जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की।
अमरजीत यादव की अध्यक्षता में एकजुट हुए दिग्गज
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमरजीत यादव ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन मिर्जा कदीर बेग ने किया। बैठक में पार्टी की एकजुटता साफ नजर आई। इस मौके पर रमाशंकर यादव, सुरेश यादव, श्रीकांत यादव, धर्मपाल यादव, राजकुमार यादव, राम प्रसाद शर्मा और अनिल निषाद समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर दिया।